लक्सर: कोतवाली लक्सर क्षेत्र के जैनपुर खुर्द गांव में खेत की मेड़ को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक की छाती में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार जैनपुर खुर्द निवासी आबिद की लादपुर कलां गांव में कृषि भूमि है। खेत की मेड़ को लेकर उसका पड़ोस के किसान से लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को आबिद के परिवार के सदस्य तमरेज, परवेज और दानिश खेत जोतने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां आ धमके और विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले धारदार हथियारों से हमला किया और इसके बाद देशी तमंचों से कई राउंड फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली परवेज की छाती में लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल परवेज को आनन-फानन में लक्सर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर हरिद्वार रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से गुलजार की तहरीर पर साबिर, आशू, हारून निवासी हलवाहेड़ी (बहादराबाद) तथा लादपुर कलां के मुजफ्फर, नाजिम, आसिफ, फरमान और मुर्सलीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
स्थिति को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि लक्सर क्षेत्र में फायरिंग की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी गोली चलने की कई वारदातें सामने आ चुकी हैं। हाल ही में बालावाली तिराहे के पास दोस्तों के साथ गांव लौट रहे युवक पर बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उस मामले में मुख्य आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।
