बहादराबाद: उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला कारागार हरिद्वार के मुलाकात परिसर में ‘लीगल एड हेल्प डेस्क’ का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के अध्यक्ष नरेन्द्र दत्त ने किया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश नरेन्द्र दत्त ने कहा कि इस हेल्प डेस्क का उद्देश्य बंदियों और उनके परिजनों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। यहां आने वाले लोगों को विधिक अधिकारों और मानवाधिकारों से संबंधित जानकारी सुरक्षित एवं सुलभ वातावरण में दी जाएगी।
डीएलएसए सचिव सिमरनजीत कौर ने बताया कि जेल परिसर में सर्किल ऑफिस और यूटी ऑफिस में पहले से विधिक सहायता केंद्र संचालित हैं। नया हेल्प डेस्क विशेष रूप से बंदियों के परिवारजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग कानूनी सहायता का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के दौरान एक निरुद्ध बंदी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना भी की गई। इस मौके पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार, वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य, डिप्टी जेलर प्रमोद कुमार दानू सहित जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
