Udayprabhat
uttrakhand

रक्षाबंधन से पहले बाजपुर में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई, मिठाई और मावे का भंडाफोड़

रुद्रपुर: रक्षाबंधन के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ प्रशासन ने बाजपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। सुल्तानपुर पट्टी में उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने मिठाई की दुकानों और निर्माण स्थलों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मिलावटी मावा और मिठाइयों के साथ बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री बरामद की गई।

जानकारी के मुताबिक, टीम को एक घर में मिलावटी मावा और मिठाई तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। छापेमारी के दौरान मौके से तैयार मिठाइयां, मावा और कथित तौर पर नकली मावा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल मिला। खाद्य विभाग ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे, जबकि मानकों के विपरीत पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

इसके बाद टीम ने एक मिठाई प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, जहां करीब 50 किलो खोया और छैना से बनी मिठाइयों में गंदगी और कीड़े-मकोड़े पाए जाने की जानकारी सामने आई। अधिकारियों ने संबंधित खाद्य सामग्री को नष्ट कराया और खोये के नमूने लिए। साफ-सफाई के नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई भी की गई।

एक अन्य स्वीट्स प्रतिष्ठान में टीम को मिल्क पाउडर और रिफाइंड ऑयल से तैयार किया जा रहा कथित मिलावटी मावा मिला। मौके से करीब 80 किलो मिलावटी खोया, 40 किलो मिलावटी बर्फी और 1.5 क्विंटल केक बरामद किए जाने की बात सामने आई। खाद्य विभाग ने आवश्यक नमूने लिए और संचालक की मौजूदगी में संदिग्ध मावा व मिठाइयों को नष्ट कराया।

 

सूचना मिलने के बाद राजस्व और खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जांच के लिए नमूने लिए गए हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
-ऋचा सिंह, उप जिलाधिकारी-

प्रशासन के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठान पर करीब एक लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग की ओर से अन्य वैधानिक कार्रवाई भी जारी है।

अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के मिठाई कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Comment