Udayprabhat
accidentuttrakhand

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, 5 लोग गंभीर घायल

देहरादून/विकासनगर: उत्तराखंड के देहरादून जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चकराता क्षेत्र में लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने 112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चकराता से एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम को कार सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में मिली।

एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम के जवान खाई में उतरे और कार में फंसे सभी पांचों लोगों तक पहुंच बनाई। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया गया कि कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। दुर्घटना में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन अन्य को सामान्य चोटें लगी हैं।

सहिया पुलिस चौकी प्रभारी संदीप पंवार के मुताबिक

कार सवार चकराता घूमने जा रहे थे. लालपुल के समीप कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी, जिसमें पांच लोग सवार थे. सभी घायल को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है.

-संदीप पंवार, सहिया पुलिस चौकी प्रभारी-

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर हुमा परवीन के अनुसार, घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इनमें से चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

घायलों का विवरण
  • रोहन कुमार, उम्र लगभग 23 वर्ष-निवासी नई दिल्ली
  • अभिषेक दुबे, उम्र लगभग 26 वर्ष-निवासी रोहिणी, दिल्ली
  • अभिषेक, उम्र लगभग 26 वर्ष- निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश
  • शिवानी सिंह, उम्र लगभग 22 वर्ष-निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश
  • प्रिंस राज, उम्र लगभग 22 वर्ष-निवासी वाराणसी उत्तर प्रदेश

 

Leave a Comment