Udayprabhat
uttrakhand

सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका: ध्रुव रौतेला

पत्रकारों के लिए बनेगी नई नियमावली, हर जिले में स्थापित होंगे मीडिया सेंटर

अल्मोड़ा: उत्तराखंड सरकार की मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला गुरुवार को अल्मोड़ा पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने मीडिया की भूमिका और पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि आज डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर फेसबुक का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में हर कोई पत्रकार बनकर कहीं भी पहुंच जाता है, जिससे कई बार प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई जिलों से अधिकारियों द्वारा शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार पत्रकारों के लिए नई नियमावली तैयार करने जा रही है, जिससे पत्रकारिता जगत में सुधार आएगा।

ध्रुव रौतेला ने कहा कि सरकार की योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने मीडिया और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में मीडिया सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत हल्द्वानी में मीडिया सेंटर के भूमि पूजन के साथ हो चुकी है।

पत्रकारों ने वार्ता के दौरान मान्यता नियमों में बदलाव तथा पत्रकार कॉलोनी निर्माण की मांग उठाई। इस पर रौतेला ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा सरकार स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ हैं और उनके हितों एवं सुविधाओं का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है तथा मीडिया के माध्यम से जनता तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सतपाल सिंह, भाजपा महिला जिला अध्यक्ष पूनम पालीवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment