लंढौरा हत्याकांड में था वांछित, एसटीएफ और मंगलौर पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन.
हरिद्वार/देहरादून: उत्तराखंड एसटीएफ और थाना मंगलौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के एक सनसनीखेज मामले में वांछित चल रहा ₹25,000 का इनामी अपराधी राहुल उर्फ रूपेश को मंगलौर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी 28 फरवरी को लंढौरा कस्बे में दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद से फरार चल रहा था।
28 फरवरी की शाम करीब 6 बजे, लंढौरा बाजार में आपसी विवाद के चलते आरोपी राहुल उर्फ रूपेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर इकराम निवासी मातावाला हसनबाग, मंगलौर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हमले में ताजिम नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
एफआईआर संख्या 202/25, थाना मंगलौर में धारा 103(1), 109(1), 190, 191(3), 352 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इस हत्याकांड में मृतक के जीजा नौसाद पुत्र कालू निवासी चंदनपुर, मंगलौर ने शिकायत दर्ज कराई थी।
उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ द्वारा वांछित इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर को विशेष निर्देश दिए गए थे। उनके निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक आर.बी. चमोला के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई।
एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट और मंगलौर थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। पिछले एक सप्ताह से तकनीकी और भौतिक निगरानी के माध्यम से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके आधार पर आज तड़के उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी राहुल उर्फ रूपेश पर पूर्व में वाहन चोरी के तीन मुकदमे उत्तराखंड में दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई में आरक्षी मोहित वर्मा और सर्विलांस एक्सपर्ट किशन चंद्र की अहम भूमिका रही।
