गौलापार में मासूम की निर्मम हत्या, प्लास्टिक के कट्टे में मिला सिरविहीन शव.
कट्टे से मिली हैवानियत की तस्वीर, 10 साल का बच्चा बना शिकार.
नैनीताल: नैनीताल जनपद के गौलापार क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। मंगलवार को यहां एक 10 वर्षीय बच्चे का सिरविहीन शव प्लास्टिक के कट्टे में मिला, जिसे एक गड्ढे में दबाया गया था। शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
10 साल का बच्चा सोमवार दोपहर से था लापता
गौलापार के पश्चिम खेड़ा गांव में रहने वाले खुबसरन मौर्य का 10 वर्षीय बेटा अमित मौर्य सोमवार दोपहर से लापता था। परिजनों ने उसे हर जगह खोजा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। अंततः खुबसरन ने काठगोदाम थाने में जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मंगलवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने देखा कि एक कुत्ता मुंह में एक चप्पल दबाए घूम रहा है। गौर करने पर पता चला कि यह चप्पल अमित की थी। इसी चप्पल ने इस रहस्य का पहला सुराग दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
फोरेंसिक टीम ने गड्ढे से निकाला प्लास्टिक कट्टा
काठगोदाम थाना प्रभारी पंकज जोशी ने तत्काल फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। जांच के दौरान, खुबसरन मौर्य के घर से करीब 15-20 मीटर दूर मिट्टी में दबा एक प्लास्टिक का कट्टा मिला। उसमें से दुर्गंध आ रही थी।
जब कट्टे को बाहर निकाला गया और खोला गया, तो पुलिस और फोरेंसिक टीम दंग रह गई। उसमें एक बच्चे का शव था जिसका सिर गायब था। शव की स्थिति बेहद वीभत्स थी। जब खुबसरन को बुलाकर शव दिखाया गया, तो उसने अपने बेटे अमित के रूप में पहचान की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच जारी
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और समय की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने हत्या की जांच को प्राथमिकता दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मोहल्ले के कई लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस को शक है कि यह अपराध जान-पहचान के किसी व्यक्ति ने ही किया है।
बरेली से आकर हल्द्वानी में कर रहा था खेती
मृतक बच्चा अमित के पिता खुबसरन मौर्य मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले हैं। वह कुछ वर्षों से हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में रहकर बटाई पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार है जब इस तरह की भयावह वारदात उनके शांत इलाके में हुई है। लोग स्तब्ध हैं और हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
