गढ़ी कैंट में रक्षाबंधन समारोह के दौरान बोले मुख्यमंत्री– किसी भी बहन-बेटी को समस्या हो तो निःसंकोच संपर्क करें, ‘एक भाई’ के रूप में हर मदद को तैयार.
देहरादून: देहरादून के गढ़ी कैंट क्षेत्र में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बहनों से राखी बंधवाकर भाई का फर्ज निभाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं, जिससे व्यवस्थाएं थोड़ी चरमरा गईं और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद थे, जिन्हें कई महिलाओं ने राखी बांधी।
“सीएम नहीं, एक भाई के रूप में हूं उपस्थित” – धामी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने भावुक होते हुए कहा –
“आज मैं मुख्यमंत्री नहीं, आप सबका भाई हूं। यदि प्रदेश की किसी बहन-बेटी को कोई भी समस्या हो, तो बेहिचक मेरे कार्यालय से संपर्क करें।”
उन्होंने यह भी कहा कि उनका कर्तव्य है कि वह हर बहन की चिंता को समझें और उसका समाधान करें। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता देगी।
जल सखी योजना” से ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा रोजगार
समारोह में मुख्यमंत्री ने एक नई योजना की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द ही “जल सखी योजना” शुरू की जाएगी, जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की आर्थिकी सुदृढ़ करना है।
इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नए जल कनेक्शन, बिल वितरण, वसूली और रखरखाव जैसे कार्य आउटसोर्स के आधार पर महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपे जाएंगे। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि महिलाओं की सशक्तिकरण में भी मदद मिलेगी।
