देहरादून की महिला से 28 लाख की ठगी, नाइजीरियाई मास्टरमाइंड दिल्ली से गिरफ्तार.
देहरादून: उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर क्राइम टीम ने अंतर्राष्ट्रीय पार्सल फ्रॉड गैंग का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड नाइजीरियाई नागरिक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फेसबुक पर आकर्षक प्रोफाइल बनाकर देहरादून की एक महिला से 28 लाख रुपये की ठगी की थी।
गिरफ्तार आरोपी का नाम कोलिनस उगोचुक्वु न्वाएमुका है। वह फेसबुक पर खुद को एक सरकारी अधिकारी के रूप में पेश करता था और पीड़ितों का विश्वास जीतकर उन्हें यह विश्वास दिलाता था कि वह विदेश से महंगे गिफ्ट और पार्सल भेज रहा है। इसके बाद पार्सल छुड़ाने के नाम पर भारी-भरकम रकम अपने खातों में मंगवाता था।
देहरादून की पीड़िता को भी इसी तरह जाल में फंसाया गया। आरोपी ने फेसबुक पर दोस्ती कर लगातार संपर्क बनाए रखा। कुछ समय बाद उसने बताया कि उसने उनके लिए विदेश से कीमती तोहफे और पार्सल भेजा है, लेकिन उसे भारत में छुड़ाने के लिए कस्टम और अन्य शुल्क के रूप में पैसे भेजने होंगे। पीड़िता ने अलग-अलग किश्तों में कुल 28 लाख रुपये आरोपी के बताए खातों में भेज दिए।
जब पार्सल नहीं पहुंचा तो पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता देखते हुए एसटीएफ की टीम ने जांच शुरू की। साइबर तकनीकी साक्ष्यों और बैंक डिटेल के आधार पर आरोपी की पहचान कर दिल्ली से उसे दबोच लिया गया।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी का नेटवर्क देशभर में फैला है और अब तक करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है। पुलिस ने उसके पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और संभव है कि अन्य आरोपी भी जल्द पकड़े जाएं।
