Udayprabhat
uttrakhand

उधम सिंह नगर में पुलिस का शिकंजा, 71 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में करीब 71 लाख रुपये की स्मैक बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मामले का खुलासा अजय गणपति ने किया।

दो अलग-अलग जगहों पर पुलिस की कार्रवाई

7 अप्रैल को पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीमों ने जिले में दो स्थानों पर छापेमारी की। पहली कार्रवाई किच्छा क्षेत्र में हुई, जहां संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली गई।

महिला तस्कर के पास से 133 ग्राम स्मैक बरामद

पुलिस ने महिला के पास से 133 ग्राम अवैध स्मैक और 4000 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में उसकी पहचान सुरेन्द्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर (42) निवासी टिब्बा लालपुर के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

रुद्रपुर में युवक गिरफ्तार, 103 ग्राम स्मैक बरामद

दूसरी कार्रवाई रुद्रपुर में बागवाला-रुद्रपुर-रामपुर बाईपास पर की गई, जहां पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अर्जुन सिंह (26) निवासी कपूरपुर, थाना मीरगंज (बरेली) के रूप में हुई। उसके पास से 103.33 ग्राम स्मैक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ।

236 ग्राम से अधिक स्मैक जब्त, नेटवर्क की जांच जारी

दोनों मामलों में कुल 236 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 71 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में सामने आया है कि नशे का यह माल फतेहगंज क्षेत्र से लाया गया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।

SSP का सख्त संदेश

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment