Udayprabhat
uttrakhand

टिहरी में राष्ट्रीय स्तर की वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आगाज, सीएम धामी ने किया शुभारंभ

टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में रोमांच और खेल प्रतिभा का संगम देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया। यह प्रतिष्ठित आयोजन टिहरी स्थित टिहरी गढ़वाल वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट  में आयोजित हो रहा है।

पहली बार मेजबानी, उत्तराखंड के लिए गर्व का पल

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है कि राज्य को पहली बार इस बड़े राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का मौका मिला है। उन्होंने देशभर से आए खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि में स्वागत किया।

19 टीमों के 440 से ज्यादा खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

इस चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग जैसी वाटर स्पोर्ट्स की रोमांचक स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।

खेल से बढ़ती है फिटनेस और अनुशासन

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। खेल न केवल फिटनेस बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में काम करने की क्षमता भी विकसित करते हैं।

आपदा प्रबंधन में भी मददगार वाटर स्पोर्ट्स

सीएम धामी ने बताया कि वाटर स्पोर्ट्स सिर्फ खेल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बाढ़ राहत, नदी बचाव और आपदा प्रबंधन जैसे कार्यों में भी बेहद उपयोगी साबित होते हैं। इन खेलों में दक्षता कई बार जीवन रक्षक बन जाती है।

खेलो इंडिया से बढ़ा खेलों का दायरा

मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि इससे देश में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिली है और युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ा है।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने और आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। ऐसे आयोजनों से उत्तराखंड में पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता भी मजबूत होगा।

Leave a Comment