Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार में PWD टीम पर हमला, अतिक्रमण चिन्हित करने पहुंची टीम से मारपीट

हरिद्वार: कुंभ मेले की तैयारियों के बीच कनखल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर अतिक्रमण चिन्हित करने पहुंची लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। विभागीय अधिकारियों ने कुछ लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों से धक्का-मुक्की और मारपीट करने के साथ सरकारी अभिलेख छीनने का आरोप लगाया है।

कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर विभाग के उच्च अधिकारियों की ओर से कनखल क्षेत्र में विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम से ज्वालापुर की ओर प्रस्तावित मार्ग का चिन्हीकरण किया जा रहा था. इसी क्रम में विभागीय टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से जुड़े क्षेत्र में अतिक्रमण चिन्हित करने के लिए इंदिरा बस्ती पहुंची थी. मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने टीम के काम का विरोध शुरू कर दिया.
-चंद्र लाल भारती, अपर सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी-

 

अतिक्रमण चिन्हीकरण के दौरान हुआ विवाद

अपर सहायक अभियंता के अनुसार, इंदिरा बस्ती में प्रस्तावित मार्ग और अतिक्रमण चिन्हीकरण का काम चल रहा था। इसी दौरान राकेश पुत्र ओमपाल, संजीव, राजीव, इंद्रावती और उनके कुछ रिश्तेदारों ने टीम के साथ कथित तौर पर अभद्रता और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

विभाग का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर टीम के सदस्यों पर पत्थरों और ईंटों से हमला किया गया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों को काम रोकना पड़ा।

बताया गया है कि कथित मारपीट में चंद्र लाल भारती, अमीन मेनपाल सिंह, सपना रतूड़ी और चालक वीरेंद्र घायल हुए हैं। विभागीय अधिकारियों ने मामले में नामजद आरोपियों के साथ अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सरकारी दस्तावेज छीनने का आरोप

PWD टीम ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान सरकारी डायरी, भूमि से संबंधित जरूरी दस्तावेज और अन्य अभिलेख छीन लिए गए। एक कर्मचारी का मोबाइल छीनने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग PWD टीम के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने वीडियो बनाया था।

 

क्या कहना है अधिकारियों का: पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि-

विभागीय टीम अतिक्रमण की मार्किंग के लिए गई थी. कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी. मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
-योगेश कुमार, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी-

पुलिस कर रही है आरोपियों की पहचान: वहीं कनखल कोतवाली में तैनात एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि-

मामले की जांच की जा रही है. वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है. नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
-अनुज सिंह, एसएसआई, कनखल कोतवाली-

Leave a Comment