देहरादून: पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून के थान गांव स्थित मिसरास पट्टी क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया। स्वारना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण ट्रैकिंग पर गए UPES के छह छात्र जंगल में फंस गए। सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम ने खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण रास्तों के बीच करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त को UPES के छह छात्र स्वारना नदी क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए पहुंचे थे। ट्रैकिंग पूरी करने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई। लगातार बारिश के चलते नदी का पानी तेजी से बढ़ने लगा, जिसके कारण छात्रों के लिए वापस लौटना जोखिम भरा हो गया और वे जंगल में ही रुक गए।
छात्रों के फंसे होने की सूचना मिलते ही SDRF डाकपत्थर की रेस्क्यू टीम सक्रिय हुई। टीम ने बारिश, दुर्गम जंगल और बढ़े हुए नदी के जलस्तर के बीच सुरक्षित मार्ग तलाशते हुए छात्रों तक पहुंचने के लिए अभियान शुरू किया। करीब छह किलोमीटर पैदल दूरी तय करने के बाद SDRF जवान छात्रों तक पहुंचे।

रेस्क्यू टीम ने सभी छह छात्रों को सुरक्षित अपने साथ लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। इसके बाद सभी छात्रों को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। SDRF की तत्परता और साहसिक कार्रवाई से समय रहते सभी छात्रों को सुरक्षित बचा लिया गया।
