Udayprabhat
uttrakhand

बदरीनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, देव डोलियों से गूंज उठा बदरीनाथ धाम

चमोली: भू वैकुंठ नगरी श्री बदरीनाथ धाम इन दिनों धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सवों से सराबोर है। एक ओर जहां तीर्थ यात्रियों की आवाजाही से धाम गुलजार है, वहीं दूसरी ओर राज्य के विभिन्न जनपदों से आराध्य देवी-देवताओं की देव डोलियां और पवित्र निशान भगवान श्री हरि नारायण बदरी विशाल जी के दर्शन और आत्मीय भेंट के लिए पहुंच रही हैं। इसके चलते बदरीपुरी का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है और यहां आध्यात्मिक पर्यटन चरम पर है।

देव डोलियों से सजी बदरीपुरी

कार्तिक देव स्नान पर्व के अवसर पर देव डोलियों का निरंतर आगमन हो रहा है। मंदिर परिसर में देव डोलियों के पारंपरिक नृत्य और पूजन कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) द्वारा सभी देव डोलियों के लिए विशेष दर्शन, पूजन और व्यवस्थाएं की गई हैं। देवरा यात्रा और डोलियों के आवागमन से बदरीपुरी भक्ति के रंग में रंगी दिखाई दे रही है।

श्रद्धालुओं की संख्या 15 लाख पार

सुहावने मौसम और धार्मिक आयोजनों के चलते तीर्थ यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कपाट खुलने के बाद से अब तक 15 लाख 798 श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं। केवल 16 अक्टूबर को ही 3696 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस बढ़ती संख्या से धाम क्षेत्र में रौनक और चहल-पहल और बढ़ गई है।

मंदिर परिसर में ब्रह्म मुहूर्त से लेकर रात्रि शयन आरती तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। दर्शन के बाद श्रद्धालु आसपास के दर्शनीय धार्मिक स्थलों की ओर भी रुख कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बल मिल रहा है।

बीकेटीसी की तैयारियां..

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि 25 नवंबर 2025 को कपाट बंद होने तक तीर्थ यात्रियों की संख्या में और वृद्धि की संभावना है। विशेष रूप से कार्तिक पूर्णिमा और दीपावली के अवसर पर भारी भीड़ की उम्मीद की जा रही है।

कब बंद होंगे चारों धामों के कपाट?
गंगोत्री धाम के कपाट 22 अक्टूबर को बंद होंगे
यमुनोत्री धाम के कपाट 23 अक्टूबर को बंद होंगे
केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर को बंद होंगे
बदरीनाथ धाम के कपाट 25 नवंबर को बंद होंगे

Leave a Comment