पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री- न्याय व्यवस्था का आधार सत्य, निष्पक्षता और पारदर्शिता
देहरादून: संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने अभियोजन विभाग को मजबूत बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने और आमजन को जागरूक करने के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण और प्रदेश के सभी जनपदों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को नमन करते हुए सभी को संविधान एवं विधि दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधि, समाज सेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया गया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एससी बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना, डॉ. महेश कुड़ियाल, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी ललित जोशी सहित सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल न्यायालय में पक्ष रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि साक्ष्यों का विधिक परीक्षण कर तथ्यों को निष्पक्षता से प्रस्तुत करना और पीड़ितों को न्याय दिलाने में प्रभावी भूमिका निभाना भी उनका दायित्व है। उनकी विधिक दक्षता, मेहनत और पारदर्शिता से आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सत्य और न्याय को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। महाभारत की विदुर नीति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यवस्था की प्रतिष्ठा तभी कायम रहती है, जब उसके केंद्र में सत्य, न्याय और निष्पक्षता हो।
सीएम धामी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 1979 में 26 नवंबर को विधि दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई, जबकि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू करना देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था में बड़ा सुधार है। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष जोर दिया गया है। इससे अभियोजन अधिकारियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों के निर्माण, पुराने भवनों के आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इन प्रयासों से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को न्याय तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है। सरकार युवा अधिवक्ताओं के कौशल विकास, विधि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का प्रभाव तभी दिखाई देता है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित हो। देवभूमि उत्तराखण्ड में कानून का राज स्थापित रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करना सरकार का संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस दिशा में अभियोजन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से अपना योगदान देते रहेंगे।
