रुड़की: लगातार आठ घंटे से अधिक समय तक हुई मूसलाधार बारिश ने रुड़की शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। रामपुर चुंगी, श्यामनगर, अंबेडकर नगर, सुनहरा रोड, रामनगर, आवास विकास, अंबर तालाब, चावमंडी, सिविल लाइन, सुभाष नगर, गणेशपुर, सोलानीपुरम और मोहनपुरा सहित कई क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया। कई स्थानों पर सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। रामपुर चुंगी स्थित नेशनल हाईवे पर पानी भरने से रोडवेज बसें, कारें और अन्य वाहन बीच रास्ते में फंस गए, जिसके कारण लंबा जाम लग गया।
भारी बारिश के चलते घरों और दुकानों में गंदा पानी घुसने से लोगों को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था और नालों की सफाई पर सवाल उठाते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
इस बीच नगर निगम की मेयर अनीता मोहन अग्रवाल अधिकारियों की टीम के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचीं। उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। मेयर ने कहा कि अधिकांश नालों और नालियों की सफाई कराई गई थी, लेकिन लगातार हुई अत्यधिक बारिश के कारण जल निकासी व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया। उन्होंने अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों से जल्द पानी निकासी और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
