Udayprabhat
uttrakhandक्राइम

उत्तराखंड: यूके से गिफ्ट भेजने का झांसा देकर “डॉ. खान” बनकर युवती से ₹1.5 लाख की करी साइबर ठगी

हल्द्वानी: हल्द्वानी शहर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। बनभूलपुरा क्षेत्र की एक युवती को विदेश से उपहार और सामान भेजने का लालच देकर ठगों ने डेढ़ लाख रुपये की चपत लगा दी। मामला पुलिस के पास दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा के गौजाजाली स्थित चौधरी कॉलोनी रोड निवासी जानकी ठाकुर ने बीते बृहस्पतिवार को बनभूलपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने तहरीर में बताया कि 20 अगस्त की रात करीब पौने नौ बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को यूके का निवासी “डॉ. खान” बताया। उसने शालीन और भरोसेमंद तरीके से बात की, जिससे जानकी उसकी बातों में आ गईं। कुछ ही दिनों में दोनों के बीच नियमित बातचीत होने लगी।

कुछ समय बाद युवक ने जानकी से कहा कि वह उनके लिए यूके से उपहार और अन्य सामान पार्सल के जरिए भेज रहा है। 26 अगस्त की सुबह उसने फोन पर बताया कि पार्सल मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच चुका है। इसके बाद एक अन्य नंबर से जानकी को कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को डीएचएल कंपनी का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि पार्सल प्राप्त करने के लिए 4.5 लाख रुपये शुल्क जमा करने होंगे।

युवती को पहले ही युवक पर विश्वास हो चुका था, इसलिए उसने बताए अनुसार यूपीआई के जरिये 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। धीरे-धीरे यह राशि बढ़ते-बढ़ते 1.5 लाख रुपये तक पहुंच गई। इस बीच आरोपी ने और तीन लाख रुपये की मांग की, लेकिन तब तक युवती का बैंक खाता खाली हो चुका था। तभी उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगों के जाल में फंस चुकी है।

जानकी ने तत्काल साइबर क्राइम सेल हल्द्वानी और ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नागरिकों को ऐसे कॉल और लालच से सतर्क रहने की अपील की है, ताकि कोई भी साइबर ठगों का शिकार न बने।

Leave a Comment