देहरादून: भारतीय रेलवे बोर्ड की केंद्रीय प्रतियोगी परीक्षा में नकल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में पकड़े गए एक अभ्यर्थी को देहरादून की पटेल नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह मामला न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि हरियाणा तक फैले नकल गिरोह के तारों की ओर इशारा कर रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना 2 दिसंबर की है। आईकैट सॉल्यूशन परीक्षा केंद्र, सहारनपुर रोड पर रेलवे बोर्ड की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान 22 वर्षीय अभ्यर्थी विवेक निवासी हरियाणा की गतिविधियां केंद्र में मौजूद वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर यशवीर (निवासी पुरौला, उत्तरकाशी) को संदिग्ध लगीं। शक के आधार पर तलाशी लेने पर विवेक के पास से एक नकल पर्ची बरामद की गई, जिसे वह जैकेट की आस्तीन में छिपाकर ले गया था। उक्त पर्ची में मोबाइल एप के माध्यम से भेजे गए कथित उत्तर लिखे हुए मिले।
शिकायत के आधार पर पटेल नगर कोतवाली में लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम 2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि परीक्षा पास कराने के लिए हरियाणा निवासी शर्मा नामक व्यक्ति से उसकी चार लाख रुपये की डील हुई थी। परीक्षा से पहले शर्मा ने उसे तीन अन्य व्यक्तियों की पहचान बताई थी, जिनसे उसे देहरादून में मिलना था। आरोपी परीक्षा से पहले इन तीनों से मिला भी था।
आरोप है कि इन व्यक्तियों ने उसके मोबाइल में एक प्राइवेट मैसेंजर एप डाउनलोड कराया और उसी के जरिए परीक्षा से संबंधित उत्तर उसे भेजे। फिर उन्हीं उत्तरों को अभ्यर्थी ने एक पर्ची पर लिखकर अपने साथ परीक्षा केंद्र में ले गया। लेकिन परीक्षा कक्ष में चल रही कड़ी चेकिंग के दौरान वह पकड़ा गया।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि मामले में किसी संगठित गिरोह की भूमिका हो सकती है और नकल के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े हर लिंक को खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इसमें कितने लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नकल नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है और हरियाणा से जुड़े तारों को भी खंगालने में लगी है। मामला गंभीर है और इससे बड़े स्तर पर चल रहे नकल रैकेट का पर्दाफाश होने की संभावना जताई जा रही है।
