Udayprabhat
uttrakhand

सीएम धामी ने अल्मोड़ा में ₹77.25 करोड़ की 32 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत आज अल्मोड़ा जनपद के ताड़ीखेत में आयोजित बहुद्देश्यीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ ही अनेक जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले में लगभग ₹77.25 करोड़ की लागत की 32 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹47.85 करोड़ की 9 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹29.40 करोड़ की 23 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। साथ ही रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।

मुख्यमंत्री की घोषणाओं में भिकियासैंण विकासखंड में गगास एवं रामगंगा नदियों पर तटबंध निर्माण और पैदल पथ का निर्माण, विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में मिनी स्टेडियमों का निर्माण, सनणा सिंचाई लिफ्टिंग योजना का उच्चीकरण, रानीखेत में एनसीसी ग्राउंड/स्टेडियम हेतु एक करोड़ रुपये की स्वीकृति, रानीझील के विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण तथा विधानसभा क्षेत्र में हेलीपैड निर्माण शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकतर सेवाओं को ऑनलाइन करने और बहुद्देश्यीय शिविरों के माध्यम से त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास, पलायन रोकने और रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

Leave a Comment