Udayprabhat
uttrakhand

बदरीनाथ से हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालु की होटल में मौत, जांच में जुटी पुलिस

हरिद्वार: बदरीनाथ धाम के दर्शन के बाद हरिद्वार पहुंचे उत्तर प्रदेश के एक श्रद्धालु का रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल के कमरे में शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में गृह क्लेश के चलते आत्मघाती कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर निवासी 48 वर्षीय राजेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजेश 28 सितंबर को बदरीनाथ धाम के दर्शन करने के बाद हरिद्वार आया था। इसके बाद उसने रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित एक निजी होटल में कमरा लिया था।

बताया जा रहा है कि बीती रात होटल के कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो होटल के अन्य कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा। कमरे के भीतर राजेश का शव मिलने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच करने के बाद शव को नीचे उतारा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस का बयान: नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि-

सूचना मिलते ही पुलिस होटल में पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा गया. शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. राजेश के परिजनों को सूचना दे दी गई है. प्रारंभिक जांच में गृह क्लेश की बात सामने आ रही है.
-कुंदन सिंह राणा, प्रभारी इंस्पेक्टर, नगर कोतवाली, हरिद्वार-

परिजनों से पूछताछ के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद यानी गृह क्लेश को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Leave a Comment