रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम में मंदिर मार्ग से अस्थायी दुकानों को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के बाद व्यापारियों का विरोध तेज हो गया। शनिवार को प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में दुकानें हटाने की कार्रवाई शुरू हुई तो बड़ी संख्या में व्यापारी हेलीपैड पहुंच गए और धरने पर बैठकर कार्रवाई का विरोध किया।
व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से मंदिर मार्ग पर अस्थायी दुकानें लगाकर अपनी आजीविका चला रहे हैं। यात्रा सीजन के दौरान होने वाली कमाई उनके परिवारों के लिए आय का प्रमुख साधन है। ऐसे में दुकानों को हटाए जाने से उनके सामने रोजगार और आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
शनिवार को प्रशासन की टीम मंदिर मार्ग पर पहुंची और अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई। देखते ही देखते कई व्यापारी हेलीपैड क्षेत्र में एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए।
व्यापारियों ने प्रशासन से दुकानें हटाने से पहले उनके साथ बातचीत करने और उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की। उनका कहना है कि अचानक कार्रवाई से उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
प्रशासन ने बताई अतिक्रमण हटाने की वजह
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के अनुसार, मंदिर मार्ग पर अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण के कारण तीर्थयात्रियों के आवागमन में परेशानी हो रही है। इसके अलावा निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
प्रशासन का कहना है कि व्यापारियों को पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए बातचीत के जरिए मामले को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं व्यापारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे हुए हैं।
