Udayprabhat
uttrakhand

उत्तरकाशी में सीएम धामी ने भरी ‘सेवा ज्योति’, विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर की घोषणा

सेवा ज्योति कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा काल को किया नमन, विकसित भारत-2047 के निर्माण का लिया संकल्प

उत्तरकाशी: सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित ‘सेवा संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उनके सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को नमन किया और विकसित भारत-2047 के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनता की खुशहाली की कामना की।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा जनसेवा, राष्ट्रभाव और जनकल्याण के महासंगम का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने पिछले ढाई दशक में सेवा को अपने जीवन का मिशन बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिला है। सरकार अब केवल कार्यालयों और फाइलों तक सीमित नहीं है, बल्कि लाभार्थियों के घर तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के उत्तराखंड को 21वीं सदी के तीसरे दशक का राज्य बनाने के विजन को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार तेजी से काम कर रही है। राज्य में रेल, उद्योग, पर्यटन, रोजगार और पलायन रोकने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल और होमस्टे की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य में तीन लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

 

चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं, जिससे यात्रा के पिछले रिकॉर्ड टूटे हैं। उत्तरकाशी में भी विकास कार्यों को गति देते हुए 200 करोड़ रुपये से अधिक की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इनमें 26 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 24 योजनाओं पर कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है। उन्होंने नकल विरोधी कानून को युवाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरी मिली है।

विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर की घोषणा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण के प्रस्ताव का परीक्षण कराने की बात कही। भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की मांग को लेकर भारत सरकार को पत्र भेजे जाने की जानकारी भी दी। इसके अलावा डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरिमहाराज सौड बुग्याल को पर्यटन मानचित्र पर विकसित करने तथा इनके सौंदर्यीकरण के कार्य आगे बढ़ाने की बात कही।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी, गाजणा का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर किया जाएगा।

Leave a Comment