देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की पटना में की गई कथित टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। इस बयान के विरोध में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देशभर में प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
इसी क्रम में देहरादून में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान गणेश जोशी ने कथित टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि राजनीतिक विचारधाराओं में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी के माता-पिता को लेकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस नेताओं के बयानों में मर्यादा का अभाव दिखाई दे रहा है। सीएम धामी ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां राजनीतिक और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं और संबंधित नेताओं को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए राज्य आंदोलनकारियों पर हुए गोलीकांड और महिलाओं के साथ हुए व्यवहार का मुद्दा उठाया।
