खटीमा: लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा सोमवार को खटीमा में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर मेलाघाट क्षेत्र स्थित 22 पुल छठ घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

छठ महापर्व के अंतिम दिन सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पूर्वांचल समाज के सैकड़ों लोगों ने घाट पर पहुंचकर विधि-विधान से सूर्य देव और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ पर्व का विधिवत समापन हुआ।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों, विशेषकर पूर्वांचल समाज के लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने फलों से सजी डलिया लेकर व्रतियों के साथ पूजा में सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का संदेश देता है। ऐसे पर्व हमारी समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ ही समाज में आपसी मेलजोल और सद्भाव को मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री ने सूर्य भगवान और छठी मैया से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करने तथा प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।
