देहरादून: उत्तराखंड में कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला अपराध, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस आगामी 16 फरवरी को राजभवन कूच करेगी। इस संबंध में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में सरकार पर तीखा हमला बोला।
प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराध के मामलों में लगातार इज़ाफा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जबकि आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, युवाओं को रोजगार और कानून व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार की चुप्पी चिंता का विषय है। इसी के विरोध में कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर राजभवन कूच करेगी और राज्य सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएगी।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि सरकार ने इन मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की है।
