Udayprabhat
Entertainmentदेश

प्लेबैक से रिटायरमेंट के बाद अरिजीत सिंह हुए इमोशनल, दो खास लोगों का दिल से जताया आभार

मुंबई: इंडियन सिनेमा की आवाज अरिजीत सिंह ने हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान कर फैंस को भावुक कर दिया। इस ऐलान के कुछ ही समय बाद अरिजीत को एक खास लाइव परफॉर्मेंस में देखा गया, जहां उन्होंने मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर के शो में अपनी आवाज का जादू बिखेरा।

इस खास शाम के दौरान अरिजीत मंच पर आते ही थोड़े नर्वस नजर आए, जिसका ज़िक्र उन्होंने खुद भी किया। हालांकि, फैंस के प्यार और तालियों ने उन्हें हिम्मत दी और उन्होंने बंगाली गीत ‘माया भरा राती’ से कॉन्सर्ट की शुरुआत की। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस परफॉर्मेंस की क्लिप ने अरिजीत के चाहने वालों को इमोशनल कर दिया।

कॉन्सर्ट के बाद अरिजीत सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अनुष्का शंकर के लिए एक दिल छू लेने वाला थैंक्यू नोट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि अनुष्का के साथ स्टेज शेयर करना उनके लिए बेहद खास अनुभव था और वह हमेशा से उनके संगीत के फैन रहे हैं। अरिजीत ने अनुष्का के संगीत की जमकर तारीफ करते हुए उनका आभार भी जताया।

इतना ही नहीं, परफॉर्मेंस के बाद अरिजीत अनुष्का शंकर के घर भी पहुंचे, जहां दोनों कलाकारों ने साथ बैठकर एक नया गाना कंपोज किया। इस मुलाकात ने फैंस के बीच एक नए म्यूज़िकल कोलैबोरेशन की उम्मीदें भी जगा दी हैं।

गौरतलब है कि 27 जनवरी को अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान किया था। उन्होंने लिखा था कि यह सफर शानदार रहा और इतने सालों तक मिले प्यार के लिए वह सभी का धन्यवाद करते हैं।

अरिजीत ने अपने करियर की शुरुआत साल 2005 में रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से की थी। 2011 में उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा और 2013 में ‘तुम ही हो’ जैसे सुपरहिट गाने से हर दिल में अपनी जगह बना ली। वहीं, पंडित रवि शंकर की बेटी अनुष्का शंकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित संगीतकार हैं और कई ग्रैमी नॉमिनेशन हासिल कर चुकी हैं।

Leave a Comment