Udayprabhat
Entertainmentuttrakhandदेश

उत्तराखंड: जब धर्मेन्द्र की झलक के लिए भीड़ ने तोड़ दी छत, पहाड़ में लोगों ने याद किए पुराने किस्से

नैनीताल: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर ने जहां पूरे देश को स्तब्ध कर दिया, वहीं नैनीताल में भी गहरी शोक की लहर दौड़ गई। सरोवर नगरी के लोग आज भी उनसे जुड़ी दशकों पुरानी यादों को सहेजे हुए हैं। धर्मेंद्र इस शहर के लिए सिर्फ एक सुपरस्टार नहीं, बल्कि अपनी सादगी से दिल जीत लेने वाले इंसान थे।

1987: जब भीड़ ने एक झलक के लिए तोड़ दी थी छत

फिल्म ‘हुकूमत’ की शूटिंग वर्ष 1987 में जब नैनीताल के मल्लीताल रिक्शा स्टैंड पर चल रही थी, तो अभिनेता धर्मेंद्र की एक झलक पाने के लिए आसपास के इलाकों से उमड़ी भीड़ बेकाबू हो गई थी। भीड़ बढ़ने के दबाव में पुराने शेड की छत टूट गई और कई लोग नीचे गिर पड़े। घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई, लेकिन उसी क्षण धर्मेंद्र खुद भीड़ के बीच उतर आए और घबराए लोगों से बार-बार पूछते रहे—
“किसी को चोट तो नहीं लगी?”
उनका यह मानवीय व्यवहार उस दिन मौजूद हर व्यक्ति के दिल में गहरी छाप छोड़ गया।

सितारों से भरा नैनीताल, पर धर्मेंद्र सबसे खास

‘हुकूमत’ की शूटिंग के दौरान प्रेम चोपड़ा, शम्मी कपूर, राजेंद्र कुमार और सदाशिव अमरापुरकर जैसे बड़े सितारे Nainital Club में ठहरे थे। क्लब के बाहर रोज लंबी लाइनें लगती थीं, लेकिन धर्मेंद्र का अंदाज सबसे अलग था। वह प्रतिदिन बाहर आकर लोगों से मिलते, बच्चों को दुलारते, बुज़ुर्गों का हालचाल पूछते और बिना हिचक फोटो खिंचवाते थे। उनकी इस अपनत्व भरी शैली ने उन्हें नैनीताल के लोगों के दिलों में बसाया।

1969 में भी किए थे शूटिंग—नैनीताल से पुराना रिश्ता

इससे पहले 1969 में भी धर्मेंद्र सायरा बानो के साथ फिल्म ‘आदमी और इंसान’ की शूटिंग के लिए नैनीताल आए थे। नैनी झील और आसपास के खूबसूरत लोकेशनों पर फिल्माए गए उनके रोमांटिक गीत आज भी सिनेमा प्रेमियों की यादों में ताज़ा हैं।

धर्मेंद्र के 24 नवंबर को निधन की खबर आते ही नैनीताल में भी भावुक माहौल हो गया। शहरवासी उस दिन के पुराने किस्से फिर से याद करने लगे—टूटी हुई छत, उमड़ी भीड़, और बीच में खड़ा वह सितारा जो सबसे पहले लोगों की सुरक्षा के लिए दौड़ा था।

Leave a Comment