नानकमत्ता में 36 लाख की स्मैक और तमंचे के साथ तस्कर गिरफ्तार, गदरपुर में भी 40 लाख की स्मैक के साथ तस्कर चढ़ा हत्थे
उधम सिंह नगर: जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तीव्र होता जा रहा है। नानकमत्ता और गदरपुर क्षेत्र में पुलिस व एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में कुल 76 लाख रुपये की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार किए गए। इनमें से एक आरोपी ने भागने के दौरान पुलिस पर तमंचा तक तान दिया, लेकिन पुलिस टीम की तत्परता के आगे वह बच न सका।
नानकमत्ता में फिल्मी अंदाज में पकड़ा गया तस्कर
नानकमत्ता पुलिस हाईवे पर हरमन सीड्स राइस मिल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस वाहन को देखते ही बाइक छोड़कर झाड़ियों की ओर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसका पीछा किया। भागते-भागते युवक ने अचानक तमंचा निकालकर पुलिस पर तानने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा, निवासी पचपेड़ा, के पास से 120.10 ग्राम स्मैक, एक तमंचा और नकदी बरामद हुई। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुक्खा पूर्व में भी कई मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
गदरपुर में दो तस्कर दबोचे, 40 लाख की स्मैक जब्त
इधर, एएनटीएफ और दिनेशपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गदरपुर क्षेत्र में दो युवकों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 131 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत 40 लाख रुपये आंकी गई है। टीम ने आरोपियों से बरामद बाइक को भी सीज कर दिया है। दोनों तस्करों को कोर्ट में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसएसपी का बयान
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की प्राथमिकता नशे की सप्लाई चेन को जड़ से खत्म करना है।
