उत्तरकाशी: जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मोरी तहसील के ग्राम भकंवाड की रहने वाली 15 वर्षीय सबीना, पुत्री यासीन, टोंस नदी पार करते समय अस्थायी ट्रॉली से गिरकर नदी की तेज धारा में बह गई। घटना के बाद से ही पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण दहशत में हैं।
जानकारी के मुताबिक, सबीना अपनी मौसी मेमना के साथ नदी पार कर रही थी। जैसे ही ट्रॉली नदी के बीच पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ गया। उसी दौरान सबीना का पैर फिसल गया और वह सीधे नदी में जा गिरी। कुछ ही सेकंड में वह तेज बहाव में बह गई और आंखों के सामने से ओझल हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी..
सूचना मिलते ही मोरी थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत नदी किनारे तलाशी शुरू कर दी। लेकिन टोंस नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। बचाव दल ने कई स्थानों पर खोज अभियान चलाया, हालांकि अब तक सफलता नहीं मिल पाई है।
भकंवाड गांव मुख्य सड़क (मोरी-हनोल मार्ग) से करीब 14 किलोमीटर दूर है। सड़क से गांव तक पहुंचने के लिए करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। इस क्षेत्र में टोंस नदी को पार करने के लिए ग्रामीण वर्षों से अस्थायी ट्रॉली का इस्तेमाल करते हैं। यही वजह है कि यहां हर समय खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस जगह लंबे समय से स्थायी और सुरक्षित पुल की जरूरत है। कई बार प्रशासन से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
