देहरादून: उत्तराखण्ड राज्य की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती) के अवसर पर नगर निगम देहरादून में भी विशेष सत्र आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया है। यह प्रस्ताव भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष व वार्ड 24, शिवाजी नगर के पार्षद विशाल कुमार द्वारा महापौर महोदय एवं नगर आयुक्त महोदया को सौंपा गया।
विशाल कुमार ने पत्र में उल्लेख किया है कि उत्तराखण्ड राज्य की रजत जयंती पर राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रपति की अध्यक्षता में विशेष सत्र आयोजित किया गया, वहीं प्रधानमंत्री भी देहरादून में आयोजित मुख्य समारोह में पधार रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक अवसर पर नगर निगम देहरादून को भी रजत जयंती पर अपने बोर्ड के सभी पार्षदों सहित एक विशेष सभा आयोजित कर, इसे भव्य उत्सव के रूप में मनाना चाहिए।
पत्र में उन्होंने सुझाव दिया है कि इस विशेष सत्र के दौरान नगर निगम शहर की आय बढ़ाने, स्वच्छ व सुन्दर दून के निर्माण, तथा पूरे महानगर के विकास हेतु एक रोडमैप तैयार करने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि यह वर्ष नगर निगम के लिए एक “स्वर्णिम अवसर” है, जिसमें देहरादून को और बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकते हैं।
