बीते शनिवार को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और अजित पवार वाली एनसीपी के दिग्गज नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अब इस मामले की गुत्थी सुलझाने की कोशिश हो रही है। ऐसे में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। आरोपियों को लेकर एक और नया दावा किया जा रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाबा सिद्दीकी को मारने की प्लानिंग पुणे में तीन महीने पहले से ही शुरू हो गई थी। हत्यारों ने यूट्यूब से गोली चलाना सीखा था। इतना ही नहीं उनकी स्नैपटचैट तथा इंस्टाग्राम पर ही आपस में बातचीत होती थी। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम सिद्दीकी मर्डर केस में चार लोगों को पकड़ चुकी है। चारों की 21 अक्तूबर तक पुलिस के पास कस्टडी है।
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी को मारने आए आरोपियों गुरमेल सिंह और धर्मराज कश्यप ने छह राउंड फायर किया था। अस्पताल ले जाते वक्त बाबा सिद्दीकी की मौत हो गई थी। फायरिंग के कुछ घंटों बाद ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था। सूत्रों ने बताया कि यह पता लगा है कि आरोपी यूट्यूब पर गोली चलाने का अभ्यास करते थे। अब पुलिस उस जगह के बारे में पता लगा रही है, जहां वे इसका अभ्यास करते थे।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने अब तक इस मामले में 15 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें कई गवाह भी शामिल हैं। मुंबई पुलिस ने एनसीपी नेता की हत्या के सिलसिले में एक और आरोपी हरीश कुमार निषाद को गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह चौथी गिरफ़्तारी है। पुलिस का दावा है हरीश ने आरोपियों के लिए पैसे और हथियार मुहैया कराए थे। इससे पहले पुलिस की टीम ने पुणे से साजिशकर्ता प्रवीण लोनकर को गिरफ्तार किया था। प्रवीण शुभम का भाई है, जो लॉरेंस बिश्नोई का गुर्गा है।
