अपडेट
देहरादून| उत्तराखंड में 13 जनवरी से रोडवेज यूनियन के करीब साढ़े तीन हजार कर्मचारी प्रदेश भर में हड़ताल पर चले गए हैं. पिछले पांच दिनों से करीब 1200 कर्मचारी हड़ताल पर थे. रोडवेज मैनेजमेंट से सहमति नहीं बनने के कारण आज से पूरे प्रदेश में हड़ताल शुरू कर दी गई है. हड़़ताल का असर यातायात पर पड़ना तय माना जा रहा है क्योंकि हड़ताल में सबसे अधिक ड्राइवर और कंडक्टर शामिल हैं. देहरादून मंडल की हड़ताल का आज पांचवा दिन है. आज से रोडवेज के बाकी सभी मंडलों में भी हड़ताल शुरू हुई है. सुबह पांच बजे से आंदोलनकारी रोडवेज कर्मी आईएसबीटी पर डटे हैं.
हालांकि 20 फीसदी ड्राईवर बसें संचालित करेंगे. उधर, परिवहन निगम ने बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों की मांगों पर सुनवाई के लिए वार्ता को बुलाया है. यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती, वह आंदोलन जारी रखेंगे.
9 जनवरी 2021
इससे पहले कर्मचारी यूनियन की हड़ताल के बीच मध्य रात्रि और 11 जनवरी से हड़ताल पर जाने को तैयार कर्मचारी संयुक्त परिषद और इंप्लाइज यूनियन ने रोडवेज प्रबंधन से वार्ता के बाद अपने आंदोलन स्थगित कर दिया था. प्रबंधन ने 25 जनवरी तक अगस्त का वेतन जारी करने का आश्वासन दिया था. रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने वेतन के भुगतान और अन्य मांगों को लेकर मध्य रात्रि से प्रदेशभर में कार्य बहिष्कार का एलान किया हुआ था. कार्य बहिष्कार टालने के लिए प्रबंधन ने परिषद के पदाधिकारियों के साथ वार्ता की थी, लेकिन वह विफल रही थी.
