Maharashtra Politics मोदी कैबिनेट में शामिल होने के लिए भाजपा ने अजित पवार गुट की एनसीपी को भी ऑफर दिया था जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। इसके बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज है। अजित गुट के प्रफुल्ल पटेल को राज्य मंत्री का ऑफर था लेकिन उन्होंने ये कहकर इसे ठुकरा दिया कि वो कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और ये उनका डिमोशन होगा। नरेंद्र मोदी ने बीते दिन पीएम पद की शपथ ली। मोदी के साथ उनकी पूरी कैबिनेट ने भी अपने पद की शपथ ली। प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि उन्हें मंत्री पद का ऑफर था, लेकिन वो राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) को लेकर अपना डिमोशन नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि मैं अपना पद नहीं गिराउंगा। प्रफुल्ल पटेल यूपीए सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री रह चुके हैं।
लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भी हलचल तेज है। कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं, इस कारण विभिन्न पार्टियां एक्शन मोड में है। शरद पवार गुट को लोकसभा चुनाव में ज्यादा महत्व मिलने के बाद अजित गुट के नेता उनके संपर्क में बताए जा रहे हैं।
एनडीए के सहयोगी और महाराष्ट्र सरकार में शामिल अजित पवार की पार्टी एनसीपी कैबिनेट मंत्री का पद न मिलने से नाराज लग रही है। प्रफुल्ल पटेल ने ऐसे मतभेद से इनकार किया है। अजित पवार ने भी कहा कि वो छोटा पद नहीं लेंगे, लेकिन सरकार से कोई मतभेद नहीं है।
