देहरादून| मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत(Trivendra Singh Rawat) ने प्रदेशवासियों से एक टीवी रियलिटी शो(TV reality Show) में शिरकत कर रहे उत्तराखंड के पवनदीप राजन(Pawan Deep Rajan) को जिताने के लिए उन्हें वोट और समर्थन देने की अपील की है। एक वीडियो संदेश जारी कर मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के चंपावत(Champawat) के पवनदीप राजन ने रियलिटी शो में अपनी गायकी से न केवल देशवासियों के दिल में जगह बनाई है, बल्कि उत्तराखंड का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने कहा कि वह भगवान बदरी विशाल व बाबा केदार से पवनदीप के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।
इंडियन आइडल(Indian Idol) में अपनी अलग पहचान बना चुके पवनदीप राजन सभी के दिलों पर राज कर रहे हैं। उनकी गायिकी ने न सिर्फ उन्हें इंडियन आइडल में मजबूत में जीत का मजबूत दावेदार बनाया है, बल्कि देशभर से उन्हें काफी प्यार मिल रहा है। पवनदीप ने इंडियन आइडल के जजेस को भी काफी इंप्रेस किया है। सिंगर, कंपोजर बप्पी लहरी(Bappi Lahri) भी उनकी काफी तारीफ कर चुके हैं। पवनदीप की हर परफोर्मेंस पर उनकी काफी तारीफ की जाती है। यहां तक कि एक एपिसोड में सिंगर हिमेश रेशमिया(Himesh reshamiya) ने ये भी कहा कि वो पवनदीप से आगे काफी गाने गवाएंगे।
पवनदीप राजन मूल रूप से कुमाऊं के रहने वाले हैं। उनका जन्म 1996 में चंपावत जिले के वल्चौड़ा गांव में हुआ। उन्होंने चंपावत से ही अपनी पढ़ाई भी की। उनके पिता सुरेश राजन और ताऊ सतीश राजन ने बचपन से ही उन्हें संगीत सिखाया। पवन दीप राजन को संगीत विरासत में मिला। उनके दादा स्व. रति राजन भी अपने समय के प्रसिद्ध लोकगायक थे।पवनदीप राज का टैलेंट आज पूरी दुनिया देख रही है। उनमें न सिर्फ सिंगिग का ही हुनर है, बल्कि वे कई तरह के वाद्य यंत्रों पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं। पवनदीप तबला, गिटार ड्रम भी प्ले करते हैं। इंडियन आइडल के सेट पर उनके इस हुनर का जजेस भी काफी तारीफ कर चुके हैं।
