पाकिस्तान क्रिकेटर बिस्माह मारूफ ने गुरुवार, 25 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषण कर दी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। बिस्माह मारूफ ने 17 साल के क्रिकेट करियर पर ब्रेक लगा दिया। मारूफ ने साल 2006 में पाकिस्तान के लिए पहली बार क्रिकेट खेला था।
सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखी
महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान टीम को बड़ा झटका लगा है। अनुभवी क्रिकेटर बिस्माह मारूफ ने गुरुवार को 17 साल के अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को अलविदा कह दिया।बिस्माह मारूफ (Bismah Maroof) ने पाकिस्तान के लिए 136 महिला वनडे और 140 महिला टी20I में क्रमशः 3369 और 2893 रन बनाए हैं, जिसमें उनके नाम 33 अर्द्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने 80 विकेट भी लिए हैं, जिसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4 विकेट लेने का रहा है। पीसीबी को दिए अपने बयान के अलावा, मारूफ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर फैंस के लिए भावुक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा, “खूबसूरत यादों का खजाना इकट्ठा किया है।”
बाएं हाथ की बल्लेबाज बिस्माह मारूफ ने भारत के खिलाफ 13 दिसंबर, 2006 में पाकिस्तान के लिए वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था और आखिरी वनडे मैच 23 अप्रैल 2024 को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला। टी20 क्रिकेट में मारूफ ने 2009 में डेब्यू और आखिरी बार 2023 में खेला। बिस्माह पहली ऐसी महिला क्रिकेटर हैं जिन्होंने बिना किसी शतक के वनडे में तीन हजार से ज्यादा रन बनाए हैं।बिस्माह मारूफ ने चार बार वनडे वर्ल्ड कप (2009, 2013, 2017 और 2022) खेला और 2022 में टीम की कप्तान भी रहीं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में 2009 से 2023 के बीच आठ वर्ल्ड कप खेले और 2020 तथा 2023 में टीम की कप्तान रही हैं।
