भारत समेत विश्व के कई देशों में हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाते हैं। खास बात यह है कि योग दिवस मनाने की पहल भारत से ही की गई थी। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। वहीं, इस प्रस्ताव को 177 देशों का समर्थन मिला था।
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में एनडीआरएफ द्वारा प्रशिक्षित एक भारतीय कुत्ता जिमी ने भी आज योग किया। एनडीआरएफ की 13वीं बटालियन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने के अवसर पर कुत्ता भी योग करता दिखा।
भारत समेत विश्व के कई देश आज हर साल की तरह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। योग केवल शारीरिक ही नहीं,मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी काफी फायदेमंद है। यही कारण है कि दुनियाभर में योग को बढ़ावा देने के लिए योग दिवस मनाया जाता है। आज पीएम मोदी ने भी श्रीनगर में योग किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि योग सदियों से चला आ रहा है और हमेशा रहेगा। मैं भी पिछले 50 सालों से योग का अभ्यास कर रहा हूं। योग ने लोगों की जिंदगी बदल दी है।
पीएम मोदी ने आज योग दिवस पर श्रीनगर में योग किया। इसी के साथ पीएम अलग ही अंदाज में दिखे। पीएम ने योग कार्यक्रम के बाद योग सेल्फी भी पोस्ट की।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पीएम मोदी ने योग को पूरी दुनिया तक पहुंचाने का काम किया है। पूरी दुनिया के योग प्रेमी योग कर रहे हैं और अपने जीवन और समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। भारत भाग्यशाली है कि भारत का योग अब पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी को तहे दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने योग को दुनिया तक पहुंचाया। शिवराज ने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि हर कोई योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएगा। आज पूरी दुनिया में योग करने वालों की संख्या निरंतर बढ़ रही है, योग के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि इसी साल भारत में फ्रांंस की 101 साल की महिला योग टीचर को पद्मश्री अवार्ड दिया गया है। वह कभी भारत नहीं आईं, लेकिन उन्होंने योग प्रचार के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा कि एक तरह से आज पूरा विश्व योग का मुरीद है। भाजपा नेता शाइना एनसी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने योग को जो महत्व दिया है, उसकी एक झलक आप यहां मुंबई में देख सकते हैं। स्वास्थ्य ही धन है और हमारे प्रधानमंत्री ने हमें सिखाया है। योग अब दुनिया भर में मनाया जा रहा है। ताज सुरक्षा और पर्यटन पुलिस के अधिकारियों ने आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगरा के दशहरा घाट पर योगाभ्यास किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केन्द्र (एसकेआईसीसी) में योगाभ्यास किया। पीएम कई योग मुद्रा करते दिखे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 17वीं लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारत की संस्कृति, आध्यात्म और योग पूरे विश्व को जोड़ रहे हैं। योग हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा है। इससे आंतरिक ऊर्जा पैदा होती है। यह हमारे सभी तनावों को भी दूर करता है। इसलिए आज पूरा विश्व योग को स्वीकार करता है। पूरे जम्मू-कश्मीर में योग के प्रति जो आकर्षण बना है, जिस उमंग और उत्साह के साथ लोग योग के साथ जुड़ने के लिए आतुर हैं, ये जम्मू-कश्मीर के टूरिज्म को भी एक नई ताकत देने का अवसर बन गया है।
