देहरादून। देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान कल यानी शुक्रवार को कर दिया जाएगा। इसके साथ ही कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा भी की जाएगी। चुनाव आयोग की ओर से बताया गया कि लोकसभा चुनाव और कुछ राज्य विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कल की जाएगी। चुनाव आयोग दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका एलान करेगा। मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा है और उससे पहले नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। लोकसभा चुनाव के साथ आंध्र प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तारीखों का भी एलान हो सकता है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर में चुनाव होंगे या नहीं? यह भी कल साफ हो जाएगा। चुनाव की तारीखों के एलान को भारत निर्वाचन आयोग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा।
पिछली बार लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान 10 मार्च 2019 को हुआ था। तब देश में सात चरण में मतदान हुआ था। 11 अप्रैल को पहले दौर का मतदान हुआ जबकि, 19 मई को सातवें यानी आखिरी दौर की वोटिंग हुई थी। वोटों की गिनती 23 मई को हुई थी।
23 मई 2019 को आए चुनाव नतीजों में भाजपा को 303 सीटें मिलीं थीं। भाजपा 543 सदस्यीय लोकसभा में बहुमत के आंकड़े 272 से काफी आगे थी। इस जीत के साथ पार्टी ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी। मुख्य विपक्षी कांग्रेस को 52 सीटों से संतोष करना पड़ा था। वहीं, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) को 24 सीटें मिली थीं। वाईएसआरसीपी और टीएमसी को 22-22 सीटें जीतने में सफल रहीं थीं।
previous post
next post
