Udayprabhat
देहरादून

‘विकास मॉडल’ पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक बोले – मनीष सिसोदिया से बहस की तारीख हम तय करेंगे

देहरादून। उत्तराखंड को लेकर भाजपा(BJP) और आप(AAP) में जुबानी जंग तेज होती जा रही है. दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया(Manish Sisodia) ने उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक(Madan Kaushik) को बहस की चुनौती दी है. इसके लिए वह रविवार को देहरादून(Dehradun) पहुंच रहे हैं ताकि सोमवार को बहस में भाग ले सकें. दूसरी ओर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि ‘बहस की तारीख हम तय करेंगे और इसके लिए खुद दिल्ली(Delhi) जाएंगे.’
उत्तराखंड में वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं. पिछले दिनों मनीष सिसोदिया ने देहरादून और हल्द्वानी का दौरा कर कार्यकर्त्‍ताओं में जोश भरा. आप ने ऐलान किया है कि विधानसभा चुनाव में वह प्रदेश की सभी 70 सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारेगी. सिसोदिया ने उत्तराखंड के विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा को मुद्दा बनाते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को बहस की चुनौती दी. देहरादून में प्रदेश कार्यालय में आप की प्रदेश उपाध्यक्ष रजिया बेग ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मनीष सिसोदिया चार जनवरी को दिन में 11 बजे देहरादून के सर्वे चौक स्थित आइआरडीटी सभागार में कैबिनेट मदन कौशिक के साथ बहस करेंगे. इसके लिए कैबिनेट मंत्री को आमंत्रित किया गया है. इसके अलावा कौशिक को छह जनवरी को दिल्ली मॉडल पर डिबेट और दिल्ली के विकास को दिखाने के लिए दिल्ली आमंत्रित किया गया है.
रजिया बेग ने बताया कि सिसोदिया ने मदन कौशिक को लिखे पत्र में कहा है कि मैं उम्मीद करता हूं कि आप अपने निमंत्रण से पीछे नहीं हटेंगे और चार जनवरी को देहरादून में और छह जनवरी को दिल्ली में मेरे साथ खुली चर्चा के लिए समय निकालेंगे. दूसरी ओर, रुड़की में एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुचे कैबिनेट मंत्री एवं सरकार के प्रवक्ता मदन कौशिक ने कहा कि दिल्ली एवं उत्तराखंड के विकास को लेकर जब चर्चा होगी तो पूरे मॉडल पर होगी. दिल्ली बदहाल है. कोरोना के कारण सबसे अधिक मृत्यु दिल्ली में ही हुई हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली के स्कूल एवं अस्पतालों की बदहाल स्थिति किसी से छिपी नहीं है. उन्होंने कहा कि दिल्ली का मॉडल पूरी तरह से विफल है. उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर है. कौशिक ने कहा कि ‘दिल्ली के उप मुख्यमंत्री द्वारा बहस की तारीख तय करने से क्या होता है. मैं पहले कह चुका हूं कि तारीख हम तय करेंगे.’

Leave a Comment