हरिद्वार| जमीन पर कब्जा न हटने से नाराज एक महिला बुधवार को अपने दो बच्चों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई. महिला अपने बच्चों सहित टंकी से नीचे कूदकर आत्महत्या करने की चेतावनी देने लगी, जिससे हड़कंप मच गया. नायब तहसीलदार से आश्वासन मिलने पर करीब दो घंटे बाद महिला नीचे उतरी. एसडीएम सदर गोपाल सिंह चौहान ने महिला की जमीन के मामले में जांच टीम गठित करते हुए सात दिन में रिपोर्ट मांगी है.
ज्वालापुर के पांडेवाला निवासी कविता चौहान के ससुर की सीतापुर में करीब 35 बीघा जमीन थी. साल 1995 में करीब 30 बीघा जमीन देहरादून की एक फर्म को बेची थी. बाद में कुछ और जमीन बेची गई. लगभग तीन बीघा जमीन खाली पड़ी रही. कविता चौहान का आरोप है कि कुछ भू-माफिया और राजस्वकर्मियों ने साठगांठ कर जमीन बेच डाली.
इस जमीन पर फिलहाल मकान बने हुए हैं. आरोप है कि जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक गुहार लगाने के बावजूद जमीन वापस नहीं मिली. इससे नाराज कविता बुधवार सुबह करीब 11 बजे अपने दो बच्चों को लेकर पांडेवाला में पानी की टंकी पर चढ़ गई. पुलिस कुछ स्थानीय निवासियों को साथ लेकर टंकी की आधी सीढ़ियां चढ़ गई, तब भी महिला चेतावनी देती रही कि ऊपर आने पर वह बच्चों को नीचे फेंककर खुद भी कूद जाएगी. महिला के नहीं मानने पर नायब तहसीलदार ललित मोहन पोखरियाल व ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने टंकी पर चढ़कर महिला को समझाया कि बहुत जल्द उसकी समस्या का निस्तारण कर दिया जाएगा.
नायब तहसीलदार का कहना था कि वह खुद प्रकरण की जांच कर रहे हैं. काफी प्रयास करने और आश्वासन मिलने पर करीब दो घंटे बाद महिला अपने बच्चों सहित नीचे उतर आई.
http://udayprabhat.co.in/illiterate-land-mafia-hold-nagar-nigam-property-in-sahsastra-dhara-road/
