प्रधानमंत्री ने खुले मंच से अपने संबोधन में राजस्थान के लोगों से कहा कि कांग्रेस और INDI अलायंस जब सत्ता में था, तो ये लोग दलितों-पिछड़ों के आरक्षण में सेंधमारी करके अपने खास वोटबैंक को अलग से आरक्षण देना चाहते थे।
जबकि संविधान इसके बिल्कुल खिलाफ है। आरक्षण का जो हक बाबा साहेब ने दलित, पिछड़ों और आदिवासियों को दिया, कांग्रेस और INDI अलायंस वाले उसे मजहब के आधार पर मुसलमानों को देना चाहते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इन साजिशों के बीच मोदी आज आपको एक गारंटी दे रहा है। दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों का आरक्षण न ही खत्म होगा और न ही उसे धर्म के आधार पर बांटने दिया जाएगा, यह मोदी की गारंटी है…।”
पीएम ने कहा, “2014 में आपने मोदी को दिल्ली में सेवा का अवसर दिया तो देश ने वह फैसले लिए जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी लेकिन अगर कांग्रेस 2014 के बाद भी और आज भी अगर दिल्ली में होती तो क्या-क्या हुआ होता… कांग्रेस होती तो जम्मू-कश्मीर में आज भी हमारी सेनाओं पर पत्थर चल रहे होते, कांग्रेस होती तो सीमा पार से आकर दुश्मन आज भी हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते और कांग्रेस सरकार कुछ न करती, हमारे सैनिकों के लिए वन रैंक-वन पेंशन लागू नहीं होता, देश के कोने-कोने में बम धमाके होते ही रहते…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “एकता ही राजस्थान की सबसे बड़ी पूंजी है। जब-जब हम बंटे हैं तब-तब देश के दुश्मनों ने फायदा उठाया है। अब भी राजस्थान और यहां के लोगों को बांटने की पूरी कोशिश हो रही है, इससे राजस्थान को सावधान रहने की जरूरत है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान टोंक में जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस मौके पर हुए कहा, “आप सभी का प्यार, आशीर्वाद और उत्साह मुझे प्राप्त हुआ। आज रामभक्त हनुमान जी की जयंती का पवित्र दिन है, पूरे देश को हनुमान जयंती की बहुत-बहुत शुभकामनाएं…।”
लोकसभा चुनाव के बीच पीएम मोदी अलग-अलग राज्यों में जाकर लोगों के बीच चुनाव के पार्टी के कार्य से लेकर विपक्ष के खामियों को गिना रहे हैं। इस बीच पीएम मोदी राजस्थान के टोंक पहुचे हैं जहां उन्होंने अपने संबोधन में लोगों को हनुमान जयंती की बधाई दी। साथ ही पीएम ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला है।
