Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

उत्तराखंड विधानसभा में दूसरे दिन भी हंगामा, रेखा आर्या पर आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

गैरसैंण: उत्तराखंड विधानसभा के भराड़ीसैंण में आयोजित सत्र के दूसरे और अंतिम दिन बुधवार को सदन की कार्यवाही हंगामे के साथ शुरू हुई। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस विधायकों ने सदन में काले झंडे लहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायक वेल में पहुंच गए, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

रेखा आर्या पर आरोप, कांग्रेस ने की निष्पक्ष जांच की मांग

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया था। कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले को उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, रेखा आर्या ने कांग्रेस के वर्ष 2012 से 2017 के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए आरोपों पर पलटवार किया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने सदन में जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग की। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष की ओर से काम रोको प्रस्ताव लाने की मंशा पर सवाल उठाए।

सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायक काले झंडे लेकर वेल में पहुंच गए और विरोध जताने लगे। वहीं, सत्ता पक्ष के विधायकों ने चकराता में एक परिवार को कांग्रेस नेताओं की ओर से कथित धमकी दिए जाने का मामला उठाया। उन्होंने प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

विपक्ष के आक्रामक रुख और सत्ता पक्ष की ओर से उठाए गए मुद्दों के कारण सदन में राजनीतिक टकराव की स्थिति बन गई। ऐसे में दूसरे दिन की कार्यवाही के दौरान भी हंगामा जारी रहने के आसार हैं।

₹7,844 करोड़ के अनुपूरक बजट पर होगी चर्चा

विधानसभा सत्र के दूसरे और अंतिम दिन वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पेश किए गए 7,844.18 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान प्रस्तावित है। इसके अलावा सदन में विभिन्न विधेयकों को मंजूरी देने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। प्रश्नकाल और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष के सख्त रुख के चलते सदन में बहस के साथ हंगामे की भी संभावना बनी हुई है।

गौरतलब है कि सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया था।

गैरसैंण को मिली 231.91 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। योजनाओं का संबंध पेयजल, सड़क, शिक्षा, सुरक्षा और पुलिस अवस्थापना जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से है।

Leave a Comment