देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई। अंकिता भंडारी के माता-पिता को दिल्ली में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के आरोप को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। इसी क्रम में एयरपोर्ट की ओर कूच कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता जौलीग्रांट मुख्य मार्ग से होते हुए देहरादून एयरपोर्ट की ओर बढ़ रहे थे। कांग्रेस ने पहले ही अमित शाह के दौरे के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध करने का ऐलान किया था। प्रदर्शनकारी हाथों में काले गुब्बारे लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मोहित उनियाल समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बस में बैठा दिया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि दिल्ली के राजघाट पर अंकिता भंडारी के माता-पिता को जबरन पुलिस द्वारा हटाया गया, जिसका पार्टी विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने अमित शाह के दौरे के चलते आम लोगों और व्यापारियों को हो रही परेशानियों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि धनतेरस जैसे बड़े त्योहार पर कई मार्गों को बंद करने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा एयरपोर्ट से देहरादून जाने वाले मार्ग पर पटाखों की दुकानों को भी शाम तक बंद कराने का आरोप लगाया गया।
कांग्रेस ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि वीआईपी दौरे के नाम पर आम जनता और व्यापारियों की सुविधाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। दूसरी ओर, अमित शाह की जनसभा में शामिल होने के लिए परेड ग्राउंड में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और लोग जुटे।
