गौचर/चमोली: उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर 9 नवंबर को भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित होने वाले राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समारोह की सभी तैयारियां समयबद्ध और बेहतर समन्वय के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, टेंट, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाने, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने तथा बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से आमजन को लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने की व्यवस्था करने को कहा।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां पूरी कर समारोह को सुव्यवस्थित और सफल बनाया जाए।
