Udayprabhat
accidentBreaking Newsuttrakhand

उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में समाई यात्रियों से भरी बस, 9 यात्रियों की मौत, 25 घायल

ऋषिकेश: उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। बस में कुल 34 लोग सवार थे।

जानकारी के मुताबिक, बस हरिद्वार से बदरीनाथ की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गूलर के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और बचाव दल ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

 

हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं 25 घायलों का एम्स में उपचार जारी है. मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया चल रही है. प्रशासन ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं. वहीं बस मालिक को भी बुलाकर वाहन की जांच शुरू कर दी गई है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. इस मामले में सीएम लगातार निगरानी कर रहे हैं.
–नितिका खंडेलवाल, जिलाधिकारी टिहरी-

 

मुनिकीरेती थाना प्रभारी प्रदीप चौहान के अनुसार, बस में 34 यात्री सवार थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है।

 

विश्वनाथ सेवा की एक बस सवा तीन बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी. बस ऋषिकेश आई कुछ देर रुकी. इसके बाद आगे को रवाना हुई. लगभग 20 किमी आगे गूलर पर पुल से नीचे नदी में गिर कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची. फिलहाल रेस्क्यू पूर्ण हो चुका है. घायलों के उपचार में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं और मृतकों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उनके परिजनों से संपर्क किया जा सके.
– शैलेन्द्र सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी, टिहरी –

 

वहीं, हादसे में घायल एक यात्री पंकज ने बताया कि बस की रफ्तार काफी तेज थी। यात्रियों ने चालक को कई बार गति कम करने के लिए कहा था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद बस हादसे का शिकार हो गई।

 

सुबह कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई की गुलर के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. सूचना मिलने ही मुनिकीरेती के आसपास सभी थानों को सूचित करके मौके पर भेजा गया और रेस्क्यू कार्य तेजी से किया गया. सभी घायलों को तत्काल ऋषिकेश के एम्स अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया. बस में सवार कुछ लोग झारखंड व बिहार के हैं. हादसे में 7 लोगों की मौके पर मौत हुई, 2 घायलों की एम्स अस्पताल ऋषिकेश में मौत हुई. वहीं 25 घायलों का इलाज चल रहा है.
-श्वेता चौबे,एसएसपी टिहरी-

Leave a Comment