Udayprabhat
accidentuttrakhand

उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 4 की मौत और 6 घायल

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार लोगों की जान ले ली। बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर यात्रियों से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बोलेरो पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें 108 एंबुलेंस के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में पुलिस और बचाव दलों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के बावजूद जवानों ने रातभर अभियान चलाकर खाई में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

हादसे में घायल छह लोगों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो लोगों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।

इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रातभर रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी प्रभावित लोगों को खाई से बाहर निकाला।

Leave a Comment