Udayprabhat
Breaking Newsखेल

IPL 2027: MS धोनी ने IPL को कहा अलविदा, इमोशनल हुए CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन

चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी अब IPL में बतौर खिलाड़ी नजर नहीं आएंगे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम का मेंटर बनाने का फैसला किया है। धोनी अब CSK के युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देते हुए नजर आएंगे।

MS Dhoni Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे सफल चेहरों में शामिल महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मंगलवार, 17 नवंबर को IPL से संन्यास लेने के ऐलान के बाद अब धोनी का नया रोल भी सामने आ गया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें टीम का मेंटर नियुक्त किया है। यानी IPL 2027 में धोनी मैदान पर खिलाड़ी के रूप में नहीं, बल्कि टीम के मार्गदर्शक की भूमिका में नजर आएंगे।

CSK ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए धोनी के योगदान को याद किया। फ्रेंचाइजी ने कहा कि जीत से लेकर मुश्किल दौर तक धोनी हमेशा टीम की यात्रा का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने टीम को सफलता दिलाने के साथ-साथ सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी को तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। चेन्नई हमेशा उनका घर रहेगा।

युवा खिलाड़ियों को देंगे मार्गदर्शन

CSK की सह-मालिक रूपा गुरुनाथ ने धोनी की नई जिम्मेदारी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि धोनी का अनुभव और क्रिकेट की समझ टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। खासकर ऐसे समय में जब टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है और उसके साथ कई युवा खिलाड़ी जुड़े हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि धोनी का मार्गदर्शन सुपर किंग्स की नई पीढ़ी को मजबूत बनाने में अहम योगदान देगा।

धोनी के बिना CSK की कल्पना मुश्किल: एन. श्रीनिवासन

चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन ने भी धोनी को लेकर भावुक बयान दिया। उन्होंने कहा कि धोनी हमेशा CSK की पहचान का अभिन्न हिस्सा रहेंगे। चेन्नई उनका घर था, है और हमेशा रहेगा।

श्रीनिवासन के मुताबिक, धोनी के बिना सुपर किंग्स की कल्पना करना मुश्किल है। करीब दो दशकों से फ्रेंचाइजी और धोनी ने एक साथ कई सफलताएं, चुनौतियां और उतार-चढ़ाव देखे हैं।

पिछले कुछ वर्षों से धोनी के IPL करियर को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं। उम्र और चोटों के कारण मैदान पर उनकी भूमिका पहले के मुकाबले सीमित होती जा रही थी। IPL 2027 में उनके खेलने को लेकर भी काफी अटकलें थीं।

CSK को 5 बार IPL चैंपियन बनाया

बता दें कि 45 वर्षीय विकेटकीपर धोनी ने CSK को 5 बार IPL चैंपियन बनाया. उनकी कप्तानी में, CSK ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब जीता. उन्होंने 200 से अधिक मैचों में टीम की कप्तानी की है. भारतीय टीम के पूर्व कप्तान, IPL में 212 मैचों में कप्तानी करने वाले और 128 जीत दर्ज करने वाले पहले खिलाड़ी हैं.

अपने पूरे करियर के दौरान धोनी CSK के कप्तान रहे, सिवाय 2022 के कुछ मैचों के, जब रवींद्र जडेजा ने उनकी जगह ली थी. हालांकि, 2022 के सीजन में ही जब CSK की शुरुआत खराब रही, तो धोनी ने फिर से कप्तानी संभाल ली. इसके बाद 2024 में उन्होंने कप्तानी की जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी.

एम एस धोनी ने 278 IPL मैचों में 5439 रन बनाए, जिसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं. पूर्व भारतीय कप्तान धोनी ने अगस्त 2020 में ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था.

Leave a Comment