Udayprabhat
uttrakhand

उत्तरकाशी में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 3.55 लाख की स्मैक के साथ एक और तस्कर गिरफ्तार

उत्तरकाशी: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ड्रग्स फ्री देवभूमि एवं नशामुक्त अभियान के तहत कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने एक और नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 11.85 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 3.55 लाख रुपये बताई गई है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान इन्द्रावती पुल के समीप एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में रोककर तलाशी ली। इस दौरान आरोपी संतोष के कब्जे से 11.85 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कोतवाली उत्तरकाशी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

2026 में अब तक 48 तस्कर गिरफ्तार

उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 35 मुकदमे दर्ज कर 48 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान पुलिस ने करीब 67.50 लाख रुपये कीमत की 13.8 किलोग्राम से अधिक चरस और 106.32 ग्राम स्मैक बरामद की है।

इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त चार तस्करों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Comment