1 दिसंबर से प्रशिक्षु जाएंगे जनपद के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में इंटर्नशिप पर, 29 प्रशिक्षुओं ने दी परीक्षा
चमोली: शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चमोली, गौचर में 13 नवंबर से संचालित डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं रविवार, 23 नवंबर को संपन्न हो गईं। अंतिम दिन ‘प्राथमिक विद्यालय के बच्चे के लिए गणित शिक्षण’ विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 29 प्रशिक्षुओं ने प्रतिभाग किया।
परीक्षाएं संपन्न होने के बाद अब चतुर्थ सेमेस्टर की कक्षाओं के संचालन की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत 1 दिसंबर से डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर के प्रशिक्षु जनपद के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में इंटर्नशिप के लिए जाएंगे। प्रशिक्षुओं के विद्यालयों में पहुंचने से शिक्षण कार्य में भी सहयोग मिलेगा। विशेषकर जनगणना ड्यूटी में शिक्षकों की तैनाती के चलते विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, तृतीय सेमेस्टर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए 26 नवंबर से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, देहरादून तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, नैनीताल (भीमताल) में मूल्यांकन कार्य प्रारंभ होगा।
वर्तमान में उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में डीएलएड के दो बैच संचालित हो रहे हैं। द्वितीय सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं का नया सेमेस्टर 13 अक्टूबर से शुरू हो चुका है, जबकि तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं संपन्न होने के बाद प्रशिक्षु अब इंटर्नशिप की तैयारी में जुटेंगे।
उधर, डीएलएड प्रवेश परीक्षा को लेकर भी अभ्यर्थियों की निगाहें परिणाम पर टिकी हैं। प्रवेश परीक्षा के लिए सितंबर माह में विज्ञप्ति जारी की गई थी तथा आवेदन की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रवेश परीक्षा 18 नवंबर 2026 को संपन्न हो चुकी है। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा परिणाम का इंतजार है।
डीएलएड प्रवेश परीक्षा एवं सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) द्वारा किया जाता है। वहीं, जनवरी 2026 में डीएलएड उत्तीर्ण कर चुके प्रशिक्षु भी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी होने को लेकर प्रशिक्षुओं की निगाहें अब शासन और विभाग की आगामी घोषणा पर टिकी हुई हैं।
