रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया। सिलगढ़ क्षेत्र के कुरछोला में अर्जुन बैंड के पास बारात का वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा था। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई। सोमवार को सूर्यप्रयाग घाट पर तीनों मृतकों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। तीन चिताएं एक साथ जलती देख घाट पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
देवरानी-जेठानी की एक साथ मौत से परिवार में पसरा मातम
इस हादसे में सबसे हृदयविदारक बात यह रही कि एक ही परिवार की दो बहुएं सुनीता देवी और बसंती देवी भी काल के गाल में समा गईं। देवरानी और जेठानी की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में शादी समारोह को लेकर खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम छाया हुआ है।

सात लोग थे वाहन में सवार
जानकारी के मुताबिक, रविवार को अर्जुन बैंड के समीप बारात में शामिल एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया था। हादसे के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद एक व्यक्ति के लापता होने की भी जानकारी सामने आई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सड़क की बदहाल स्थिति और सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
हादसे के बाद क्षेत्र की सड़क की खराब स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने घटनास्थल पर सड़क की बदहाली और क्रॉस बैरियर की कमी को लेकर चिंता जताई है।
स्थानीय स्तर पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित यातायात और मजबूत सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को सामने ला दिया है।
अर्जुन बैंड के समीप सड़क की स्थिति बेहद खराब है. यहां तीव्र ढलान के साथ सड़क भी क्षतिग्रस्त है. इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग की ओर से दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए क्रॉस बैरियर तक नहीं लगाए गए हैं. इस स्थान पर पहले भी सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. स्थानीय लोग लंबे समय से यहां क्रॉस बैरियर लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
-निर्मला बहुगुणा, जिला पंचायत सदस्य-
सुरक्षा इंतजाम करने में देरी क्यों?: उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसी स्थान पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है तो वहां सुरक्षा इंतजाम करने में देरी क्यों की जा रही है? जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने जनपद में लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाले अन्य मार्गों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि
कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त सड़कें, असुरक्षित मोड़ और सुरक्षा उपायों का अभाव राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है. दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां प्राथमिकता के आधार पर क्रॉस बैरियर सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की.
-निर्मला बहुगुणा, जिला पंचायत सदस्य-
मजिस्ट्रियल जांच की मांग: कांग्रेस नेता अर्जुन गहरवार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि
दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है. जांच में यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि घटनास्थल पर सड़क की स्थिति कैसी थी और दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के बावजूद वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए. यदि जांच में किसी विभागीय अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
-अर्जुन गहरवार, कांग्रेस नेता-
जिलाधिकारी ने दिए निर्देश: वहीं, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि जनपद के जिन संपर्क मार्गों पर सुरक्षा की दृष्टि से क्रॉस बैरियर लगाए जाने आवश्यक हैं, वहां संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. बहरहाल, अर्जुन बैंड हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत सामने ला दी है. तीन लोगों की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन और संबंधित विभाग दुर्घटना संभावित मार्गों पर समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करेंगे? क्या अर्जुन बैंड सहित जनपद के अन्य संवेदनशील स्थानों पर क्रॉस बैरियर लगाए जाएंगे? या फिर व्यवस्था को जगाने के लिए किसी और दर्दनाक हादसे का इंतजार किया जाएगा? तीन चिताओं के साथ उठे ये सवाल अब प्रशासन और संबंधित विभागों से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
