Udayprabhat
एजुकेशन

स्टेट यूनिवर्सिटी में धीमी प्रगति पर उच्च शिक्षा मंत्री ने लगाई फटकार

  • उच्च शिक्षा में शोध कार्यों के लिए बजट में प्रतिवर्ष होगी एक करोड़ की व्यवस्था
  • स्वामी विवेकानंद जयंती से सुभाष जयंती तक विवि एवं महाविद्यालयों में आयोजित होगा रक्तदान पखवाड़ा

देहरादून| राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत(Dhan Singh Rawat) ने रूसा के अंतर्गत राज्य विश्वविद्यालयों में चल रहे निर्माण एवं अन्य कार्यों की धीमी गति पर विभागीय मंत्री ने असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई है. दून विश्वविद्यालय, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय, कुमाऊं विश्वविद्यालय एवं संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपतियों को स्वीकृत योजनाओं को नियत समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिये. साथ ही कहा कि उच्च शिक्षा में शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिवर्ष बजट में एक करोड़ रूपये की व्यवस्था की जायेगी.

रावत ने कहा कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती से 23 जनवरी सुभाष चन्द्र बोस जयंती तक राज्य विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रक्तदान पखवाड़ा आयोजित किया जायेगा जिसमें एनसीसी के कैडेट, एनएसएस के स्वयं सेवक सहित छात्र-छात्राएं रक्तदान करेंगे. इसके लिए शासन के अधिकारियों को सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित करने के आदेश दिये हैं. विभागीय मंत्री ने राज्य विश्वविद्यालय के कतिपय कुलपतियों द्वारा बैठक में उपस्थित न होने पर कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि भविष्य में कुलपति बैठक में स्वयं प्रतिभाग करेंगे.

राज्य उच्च शिक्षा परिषद की बैठक में महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत 10 महाविद्यालयों में महिला छात्रावास निर्माण हेतु प्रस्ताव भारत सरकार को भेजे जाने का निर्णय लिया गया. अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित साइंस कॉलेज के निर्माण हेतु भूमि चयन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा आईआईआईटी एवं आईआईएसईआर तथा महिला विश्वविद्यालय हेतु भूमि चयन की प्रक्रिया निदेशालय स्तर पर जारी है. विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के विकास, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की नियुक्ति, एकेडमिक कैलेंडर, परीक्षा एवं परीक्षाफल एवं अवकाश कैलेंडर में एकरूपता लाने हेतु शीघ्र बैठक आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया. गत वित्तीय वर्ष 31 दिसम्बर 2020 तक प्रारम्भिक अनुदान के व्यय पर कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई. भक्त दर्शन पुरस्कार की धनराशि में वृद्धि किये जाने एवं कृषि, औद्यानिकी विश्वविद्यालयों के प्राध्यापकों को भी पुरस्कार की प्रक्रिया में शामिल किये जाने पर सहमति व्यक्त की गई.
बैठक में फरवरी महीने कक्षाएं शुरू करने और कॉलेजों को ऑनलाइन कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए 4G इंस्टॉलेशन भी चर्चा का विषय रहा.

Leave a Comment